धनबाद। धनबाद ज़िले के टुंडी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज़ मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति की हत्या कर शव को घर के अंदर ही दफना दिया। मृतक की पहचान तिलैयटांड़, बरवाटांड़ पंचायत निवासी सुरेश हांसदा के रूप में हुई है, जो दिहाड़ी मज़दूर था। वह अपनी पत्नी सुरजी देवी, 13 वर्षीय बेटे और 6 वर्षीय बेटी के साथ रहता था।

जानकारी के मुताबिक सुरेश हांसदा पिछले 10 दिनों से लापता था। परिजन और ग्रामीण जब पत्नी से पूछते तो वह कहती थी कि सुरेश मनसा पूजा में गया है। इस बीच शुक्रवार को मृतक की चाची का निधन हो गया। अंतिम संस्कार में भी सुरेश के नहीं पहुंचने पर संदेह गहराया। जब उसका भांजा जानकारी लेने घर पहुंचा तो उसने एक कमरे को बंद पाया। ताला खोलने से महिला ने इनकार कर दिया, जिसके बाद ग्रामीणों को शक हुआ और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुँची टुंडी थाना पुलिस ने कमरे का ताला खुलवाया। अंदर मिट्टी का ढेर देखकर पुलिस को शक हुआ। फिलहाल कमरे को सील कर दिया गया है। थाना प्रभारी उमाशंकर यादव ने बताया कि शनिवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुदाई कराई जाएगी। तभी पूरे मामले से पर्दा उठेगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक अक्सर शराब के नशे में पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था। इससे तंग आकर पत्नी ने हत्या की साज़िश रची और शव को घर में दफना दिया। पुलिस ने अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की है और न ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।