उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज देवघर दौरे पर, AIIMS के दीक्षांत समारोह में छात्रों को देंगे डिग्री

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देवघर: भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को झारखंड के देवघर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर देवघर एयरपोर्ट, एम्स देवघर और अन्य कार्यक्रम स्थलों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

सुबह 11 बजे AIIMS देवघर के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति सुबह 10:10 बजे विशेष विमान से देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे एम्स देवघर के दूसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान वह सफल मेडिकल छात्रों को डिग्री प्रदान करेंगे।

एम्स के इस समारोह को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। कार्यक्रम में मेडिकल शिक्षा पूरी करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा।

सैन्य मेला के समापन समारोह में भी लेंगे हिस्सा

एम्स के कार्यक्रम के बाद उपराष्ट्रपति दोपहर 12:45 बजे दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट परिसर के बीबीएमटी अस्पताल पहुंचेंगे। यहां आयोजित सैन्य मेला के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वह सेना के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं और चिकित्सा संबंधी गतिविधियों को देखेंगे।

दोपहर 2:10 बजे दिल्ली के लिए होंगे रवाना

उपराष्ट्रपति के देवघर दौरे को लेकर संबंधित कार्यक्रम स्थलों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह दोपहर 2:10 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

देवघर में उपराष्ट्रपति का यह दौरा चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े दो महत्वपूर्ण आयोजनों पर केंद्रित रहेगा।

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

Leave a Comment

और पढ़ें