50.5 ग्राम ब्राउन शुगर, 58,250 रुपये नकद, दो वाहन और इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन बरामद; एंटी नारकोटिक्स टीम ने ब्लॉक फील्ड में की छापेमारी
गोड्डा। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गोड्डा नगर थाना पुलिस ने गुरुवार को पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के पास से कुल 50.5 ग्राम ब्राउन शुगर, 58,250 रुपये नकद, दो वाहन, छह मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन बरामद करने की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपितों को नगर थाना क्षेत्र के ब्लॉक फील्ड स्थित हनुमान मंदिर के पास से पकड़ा गया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, गोड्डा के पुलिस अधीक्षक को ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से संबंधित गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स टीम और नगर थाना पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

पांच आरोपितों के पास से अलग-अलग मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमित कुमार उर्फ अमित रेक्स (22), निवासी कन्हाई पकड़िया, थाना पथरगामा; अभिषेक कुमार उर्फ सोमदेव कुमार उर्फ डमरू (21), निवासी गांधी नगर गोढ़ी; छोटू कुमार उर्फ सरफराज अहमद (29), निवासी असनबनी; रघु कुमार उर्फ राहुल कुमार (33), निवासी लोहियानगर; और पंकज कुमार यादव (34), निवासी सोनडीहा, मोतिया ओपी क्षेत्र के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अमित कुमार उर्फ अमित रेक्स के पास से 26.7 ग्राम ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन, जेएच-17-एबी-3823 नंबर की एक्सयूवी कार, 44,350 रुपये नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन बरामद की गई।
अभिषेक कुमार उर्फ सोमदेव कुमार उर्फ डमरू के पास से 10 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन, 13,900 रुपये नकद और जेएच-17-एडी-7527 नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल मिली। वहीं, छोटू कुमार उर्फ सरफराज अहमद के पास से पांच ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन, जबकि रघु कुमार उर्फ राहुल कुमार के पास से पांच ग्राम ब्राउन शुगर और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पांचवें आरोपित पंकज कुमार यादव के पास से 3.8 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
अमित कुमार के खिलाफ पहले भी दर्ज है एनडीपीएस का मामला
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित अमित कुमार उर्फ अमित रेक्स के खिलाफ गोड्डा नगर थाना में कांड संख्या 68/25 दर्ज है। यह मामला 27 अप्रैल 2025 का है और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
छापेमारी दल में शामिल रहे कई पुलिस पदाधिकारी
इस कार्रवाई में एसडीपीओ आकाश भारद्वाज, नगर थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह, मोतिया ओपी प्रभारी मुकेश कुमार राउत, रौतारा टीओपी प्रभारी राज गुप्ता, महिला पुलिस अवर निरीक्षक रोमा कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक अंकित कुमार झा और रोहित कुमार यादव, सहायक अवर निरीक्षक इंद्रेश शुक्ला सहित नगर थाना का सशस्त्र बल शामिल था।
गोड्डा पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री से संबंधित जानकारी नजदीकी थाना अथवा गोड्डा पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की बात भी कही गई है।









