संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
खूंटी। पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति (OBC) की ओर से मंगलवार को आहूत खूंटी बंद का जिले में व्यापक असर देखने को मिला। सुबह से ही खूंटी शहर की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। बंद समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-20 (NH-20) पर हूटार चौक के पास सड़क जाम कर दिया। वहीं, नेताजी चौक पर भी आवागमन बाधित किया गया। सड़क जाम के कारण शहर में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
बंद का आह्वान खूंटी के अलावा रांची, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा में भी किया गया है। बंद को सफल बनाने के लिए समिति की ओर से सोमवार शाम पांचों जिलों में कई जगहों पर मशाल जुलूस निकाला गया था।
सरकारी नौकरियों में OBC आरक्षण की मांग
पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति की प्रमुख मांगों में सरकारी नौकरियों में OBC को आरक्षण देना शामिल है। समिति ने OBC समाज की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई है। इसके अलावा जनगणना में OBC जातियों के लिए अलग कॉलम की व्यवस्था करने और पेसा कानून के तहत OBC समाज को भी अधिकार देने की मांग की गई है।
समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि OBC समाज की मांगों पर न्यायपूर्ण पहल नहीं होती है, तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।
शहर में घूमकर दुकानदारों से बंद की अपील
सुबह समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता नेताजी चौक पर जुटे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने शहर और आसपास के इलाकों में घूमकर दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। कार्यकर्ताओं ने बंद की स्थिति का जायजा लेते हुए लोगों से आंदोलन में सहयोग करने की अपील की।
खूंटी जिले के तोरपा में भी बंद का असर देखने को मिला, जहां कई दुकानें बंद रहीं। जिले के अन्य प्रखंडों में भी समिति के कार्यकर्ता सक्रिय नजर आए।
मशाल जुलूस निकालकर किया गया था आह्वान
बंद से एक दिन पहले सोमवार शाम खूंटी क्लब से मशाल जुलूस निकाला गया था। इस दौरान समिति के सदस्यों ने दुकानदारों और वाहन मालिकों से बंद को सफल बनाने में सहयोग की अपील की थी।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य वर्तमान और आने वाली पीढ़ी के हितों की रक्षा करना है। साथ ही लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से बंद को सफल बनाने का आग्रह किया गया था।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
बंद को सफल बनाने के लिए छोटानागपुरिया तेली उत्थान समाज के संरक्षक किशोर गंझू, जिलाध्यक्ष शिवनारायण गंझू और मोटिया मजदूर संघ के अध्यक्ष सयूम अंसारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे रहे।
समिति की ओर से लोगों से बंद के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। समिति ने कहा कि सामूहिक सहयोग से आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से सफल बनाया जाए।









