भारत–वेस्टइंडीज T20 मैच का टिकट खरीदने का आज आखिरी मौका, शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे काउंटर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को होने वाले T20 मुकाबले को लेकर क्रिकेटप्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। मैच के टिकट खरीदने का मंगलवार को आखिरी मौका है। जेएससीए स्टेडियम के टिकट काउंटर सुबह से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे।

सोमवार को टिकट काउंटरों पर क्रिकेटप्रेमियों की भारी भीड़ देखने को मिली। इस दौरान 4,011 ऑफलाइन टिकट बिके। वहीं, ऑनलाइन टिकटों का कोटा भी बिक्री शुरू होने के करीब 17 मिनट के भीतर समाप्त हो गया। ऐसे में अंतिम दिन भी काउंटरों पर बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।

सभी श्रेणियों के टिकट खरीदने का मौका

जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडेय के मुताबिक मंगलवार को दर्शक सभी श्रेणियों के टिकट खरीद सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार ऑनलाइन टिकटों का कोटा पहले की तुलना में कम रखा गया था और यह व्यवस्था परीक्षण के तौर पर की गई थी।

टिकट बिक्री के अंतिम दिन स्टेडियम परिसर में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।

10 घंटे तक कतार में खड़े रहे क्रिकेटप्रेमी

टिकट खरीदने के लिए सोमवार को कई क्रिकेटप्रेमियों को घंटों कतार में इंतजार करना पड़ा। कुछ दर्शकों के अनुसार उन्हें करीब 10 घंटे तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा।

भीड़ को देखते हुए पुलिस की तैनाती की गई थी। कतार में किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे। भीड़ बढ़ने की स्थिति से निपटने के लिए भी सुरक्षा व्यवस्था को अलर्ट रखा गया।

दिव्यांग दर्शकों के लिए अलग कतार

जेएससीए स्टेडियम में टिकट खरीदने पहुंचे दिव्यांग दर्शकों के लिए अलग कतार की व्यवस्था की गई थी। इससे उन्हें टिकट लेने में सुविधा मिली।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर रांची में क्रिकेट का माहौल लगातार गर्म हो रहा है। टिकट बिक्री के अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में क्रिकेटप्रेमियों के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है।

Leave a Comment

और पढ़ें