संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के करियोडीह गांव में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने 73 वर्षीय बुजुर्ग प्रतुल कुमार साहा को कथित तौर पर 3 हजार रुपये वापस करने का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद उनके बैंक खातों से अलग-अलग किस्तों में कुल 4 लाख 81 हजार 892 रुपये की निकासी कर ली गई।
घटना को लेकर पीड़ित ने लिट्टीपाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
3 हजार रुपये वापस करने के नाम पर शुरू हुई ठगी
पीड़ित के अनुसार, 9 से 14 सितंबर के बीच उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उससे गलती से बुजुर्ग के बैंक खाते में 3 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए हैं।
इसके बाद कथित ठगों ने उक्त रकम वापस करने के बहाने पीड़ित से बातचीत की और उन्हें UPI से जुड़ी प्रक्रिया में उलझा लिया। इसी दौरान अलग-अलग किस्तों में उनके बैंक खातों से कुल 4,81,892 रुपये निकाल लिए गए।
खाते से रकम निकलने के बाद थाने पहुंचे बुजुर्ग
बैंक खाते से बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद प्रतुल कुमार साहा ने लिट्टीपाड़ा थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
फिलहाल पुलिस ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों और बैंक ट्रांजैक्शन की जानकारी खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी की वारदात को किस तरीके से अंजाम दिया गया और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।









