रांची: पिस्का मोड़ के पास रविवार सुबह पशुओं से लदा एक वैन दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद हंगामा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों ने वाहन में पशुओं को ले जाने पर आपत्ति जताई और कथित तौर पर तस्करी का आरोप लगाते हुए वाहन को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान स्थानीय लोगों और वाहन में सवार लोगों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।
हादसे के बाद पशुओं को वाहन से बाहर निकाला गया
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद वैन में लदे पशुओं को बाहर निकाला गया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने वाहन में आग लगा दी। घटना के दौरान पशुओं से लदे दो अन्य वाहनों के मौके से फरार होने की भी सूचना है।
हालांकि, घटना के पूरे घटनाक्रम और पशु तस्करी के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस फरार बताए जा रहे दोनों वाहनों की तलाश कर रही है। साथ ही, वाहन दुर्घटना के कारण, आग लगाए जाने की घटना और पशुओं को ले जाने से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









