जमशेदपुर में ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, 50 मीटर तक घसीटता ले गया वाहन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बर्मामाइंस के सुनसुनिया गेट के पास देर रात हादसा, चालक ट्रेलर छोड़कर फरार

जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के सुनसुनिया गेट के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा रात करीब 10:40 बजे हुआ। टक्कर के बाद युवक ट्रेलर के पिछले पहियों के बीच फंस गया और वाहन उसे करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया

स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद युवक को ट्रेलर के पहियों के बीच से बाहर निकाला और इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा निवासी 27 वर्षीय सागर गोप के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन भी TMH पहुंचे।

बाइक से साकची की ओर जा रहा था युवक

जानकारी के अनुसार, सागर बर्मामाइंस से बाइक से साकची की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद वह बाइक समेत ट्रेलर के पिछले पहियों के बीच फंस गया।

स्थानीय लोगों ने ट्रेलर को रुकवाया और युवक को बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

परिजनों के अनुसार, सागर अपने पिता का इकलौता बेटा था और बर्मामाइंस स्थित एक कंपनी में हेल्पर के तौर पर काम करता था।

एक घंटे तक लगा रहा जाम

हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई भारी वाहन जाम में फंस गए। बर्मामाइंस पुलिस और स्थानीय लोगों के प्रयास से करीब एक घंटे बाद यातायात सामान्य कराया गया।

पुलिस ने लोडेड ट्रेलर को जब्त कर थाना ले गई और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

नो-एंट्री को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री रात 11 बजे खुलती है, लेकिन हादसे के समय करीब 10:30 बजे ही ट्रेलर सड़क पर मौजूद था। इस दावे की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि कंपनी से माल अनलोड करने के बाद कई भारी वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

पहले भी हो चुके हैं हादसे

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुनसुनिया गेट के पास पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भारी वाहनों के परिचालन को लेकर प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

बताया गया कि 9 फरवरी को भी कंपनी से निकल रहे स्टील रोल लदे ट्रेलर और ऑटो की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई थी, जबकि तीन लोग घायल हुए थे। लगातार हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।

Leave a Comment

और पढ़ें