झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



देर रात अचानक बिगड़ी तबीयत, गिरिडीह के निजी अस्पताल में ली अंतिम सांस; राजनीतिक जगत में शोक की लहर

रांची। झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता सुदिव्य कुमार सोनू का देर रात निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रात में ही गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी स्थिति गंभीर बनी रही और चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनका निधन हो गया।

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की खबर सामने आते ही झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार ने उनके असामयिक निधन पर गहरा दुख जताते हुए इसे पार्टी, सरकार और पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। पार्टी की ओर से कहा गया कि सुदिव्य कुमार सोनू के संघर्ष, जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।

शिक्षक दिवस कार्यक्रम में हुए थे शामिल

बताया गया कि सुदिव्य कुमार सोनू 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। गिरिडीह के इस्लामिया उर्दू मिडिल स्कूल के शताब्दी समारोह में भी उन्होंने हिस्सा लिया था। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यालयों को कंप्यूटर उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया था।


इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना सामने आई और उन्हें तत्काल गिरिडीह के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका और देर रात उनका निधन हो गया।

उनके निधन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार ने कहा कि जीवन की क्षणभंगुरता ने एक बार फिर गहरा आघात दिया है। जो साथी कल तक साथ थे, आज उनकी स्मृतियां ही हमारे बीच रह गई हैं। पार्टी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से गिरिडीह समेत पूरे झारखंड में उनके समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के बीच गहरा शोक है।

Leave a Comment

और पढ़ें