मालदा/फरक्का । मालदा रेल मंडल के अंतर्गत न्यू फरक्का स्टेशन के पास जमीन धंसने की घटना के बाद रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 4 सितंबर 2026 से शुरू होने वाली दो ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि लंबी दूरी की कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे के अनुसार, 4 सितंबर को यात्रा शुरू करने वाली 08047 संतरागाछी–नाहरलागुन स्पेशल तथा 13154 मालदा टाउन–सियालदह गौर एक्सप्रेस को रद्द किया गया है।
वहीं, यात्रियों की सुविधा और रेल परिचालन को सुचारु रखने के लिए कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। न्यू नलहाटी–आजिमगंज–जंगीपुर रोड–न्यू फरक्का मार्ग से चलने वाली ट्रेनों में 22503 कन्याकुमारी–डिब्रूगढ़ विवेक एक्सप्रेस (2 सितंबर), 15608 सिलचर–तिरुवनंतपुरम सेंट्रल अरुणाई एक्सप्रेस (3 सितंबर), 22504 डिब्रूगढ़–कन्याकुमारी विवेक एक्सप्रेस (3 सितंबर) और 20609 न्यू जलपाईगुड़ी–तिरुचिरापल्ली एक्सप्रेस (4 सितंबर) शामिल हैं।
इसके अलावा न्यू फरक्का–आजिमगंज–कटवा–बंडेल मार्ग से 13174 साबरूम–सियालदह कंचनजंघा एक्सप्रेस (3 सितंबर), 12364 हल्दीबाड़ी–कोलकाता एक्सप्रेस (4 सितंबर) और 13148 बामनहाट–सियालदह उत्तरबंग एक्सप्रेस (4 सितंबर) का परिचालन किया जाएगा।
रेलवे ने यह कदम न्यू फरक्का स्टेशन के समीप जमीन धंसने के कारण यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया है। प्रभावित ट्रेनों के यात्रियों को यात्रा से पहले अपने ट्रेन के परिचालन की स्थिति की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से लेने की सलाह दी गई है।








