गिरिडीह: गिरिडीह के पचंबा थाना परिसर में गुरुवार देर रात नाबालिग लड़की से कथित छेड़खानी की शिकायत को लेकर जमकर हंगामा हुआ। पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा नेता और कार्यकर्ता थाना पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सख्ती बरतते हुए लाठी के जरिए भीड़ को थाना परिसर से बाहर करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग लड़की अपने साथ हुई कथित छेड़खानी की शिकायत लेकर पचंबा थाना पहुंची थी। उसके साथ भाजपा नेता सह वार्ड पार्षद संजीव सिंह गुड्डू भी मौजूद थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद पचंबा वार्ड नंबर-2 के पार्षद लालो राइन भी समर्थकों के साथ थाना पहुंचे। इसके बाद थाना परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी।
दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद बिगड़ा माहौल
थाना परिसर में बातचीत के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई। इससे थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर पुलिस ने सख्ती की और लाठी भांजकर भीड़ को तितर-बितर किया।
भाजपा नेताओं के पहुंचने से फिर गरमाया मामला
घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय, जिला उपाध्यक्ष नवीन सिन्हा, भाजपा नेता दिनेश यादव और आजसू नेता कम्पू यादव समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता पचंबा थाना पहुंचे। नेताओं के पहुंचने के बाद एक बार फिर थाना परिसर में माहौल गरमा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी रूपेंद्र कुमार राणा और इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन भी थाना पहुंचे। थाना प्रभारी राजीव कुमार की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों और भाजपा-आजसू नेताओं के बीच स्वागत कक्ष में काफी देर तक बातचीत हुई।
नाबालिग की शिकायत पर कार्रवाई की मांग
बैठक के दौरान भाजपा नेताओं ने नाबालिग की शिकायत पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। भाजपा नेता दिनेश यादव ने कहा कि वर्तमान समय में लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस से कथित छेड़खानी के आरोपी युवक के साथ-साथ उसके पिता और आरोपी को संरक्षण देने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।
डीएसपी के आश्वासन के बाद शांत हुए नेता-कार्यकर्ता
डीएसपी रूपेंद्र कुमार राणा ने भाजपा नेताओं को आश्वासन दिया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी कोई भी हो, कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी के आश्वासन के बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता शांत हुए और देर रात करीब एक बजे थाना परिसर से बाहर निकले।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। नाबालिग की शिकायत, थाना परिसर में हुए विवाद और कथित छेड़खानी के आरोपों को लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। अब प्राथमिकी दर्ज होने और जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।








