संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
मनोहरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। टाटानगर–एर्नाकुलम–टाटानगर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18189/18190) का मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव 5 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। लंबे समय से क्षेत्र के यात्रियों द्वारा इस ट्रेन के ठहराव की मांग की जा रही थी।
इस संबंध में चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हरिया ने सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर विधायक जगत माझी को औपचारिक आमंत्रण पत्र भेजा है। पत्र के माध्यम से दोनों जनप्रतिनिधियों से मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर ट्रेन को हरी झंडी दिखाने का अनुरोध किया गया है।
दक्षिण भारत की यात्रा होगी आसान
सांसद जोबा माझी द्वारा लगातार रेल मंत्रालय और रेल अधिकारियों के समक्ष एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव की मांग उठाई जा रही थी। इसके लिए उन्होंने पत्राचार करने के साथ अधिकारियों के साथ बैठकों में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से रखा।
लगातार प्रयासों के बाद रेल मंत्रालय ने 28 अगस्त को टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव को मंजूरी प्रदान कर दी।
ट्रेन के ठहराव से मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को टाटानगर के साथ-साथ दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों की यात्रा करने में काफी सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र के रेल यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
5 सितंबर को होगा शुभारंभ
ट्रेन के प्रायोगिक ठहराव का शुभारंभ 5 सितंबर को मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा। सांसद जोबा माझी सुबह करीब 6:45 बजे अप टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस को मनोहरपुर स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी।
कार्यक्रम में चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हरिया, सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी समेत रेल मंडल के अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे।
ट्रेन के ठहराव को लेकर मनोहरपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों में उत्साह है। लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने से क्षेत्र के लोगों को दक्षिण भारत सहित अन्य प्रमुख स्थानों तक रेल यात्रा में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।









