स्कूल से छुट्टी लेकर निकला छात्र 12 दिनों से लापता, न घर पहुंचा न स्कूल लौटा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

गुमला: गुमला जिले के बसिया से एक 18 वर्षीय छात्र के पिछले 12 दिनों से लापता होने का मामला सामने आया है। छात्र स्कूल से छुट्टी लेकर घर के लिए निकला था, लेकिन अब तक न तो अपने घर पहुंचा और न ही स्कूल वापस लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद गुमला सदर थाना में आवेदन देकर पुलिस से छात्र की तलाश करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

लापता छात्र की पहचान तुरबुंगा पंचायत के किनिरकेला निवासी अलेक्सियुस सुरीन के बेटे अर्पित सुरीन के रूप में हुई है। अर्पित गुमला जिले के संत पात्रिक स्कूल में पढ़ाई करता है और स्कूल के छात्रावास में रहकर पढ़ता था।

चेचक होने की बात कहकर ली थी छुट्टी

परिजनों के अनुसार, 7 अगस्त को अर्पित ने चेचक होने की बात बताते हुए विद्यालय में छुट्टी का आवेदन दिया था। छुट्टी मिलने के बाद वह स्कूल से अपने घर के लिए रवाना हुआ, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।

अर्पितके स्कूल से छुट्टी लेकर निकलने की जानकारी उसके दोस्तों ने परिजनों को दी। जब परिजनों को पता चला कि वह स्कूल से निकलने के बाद घर नहीं पहुंचा है और वापस स्कूल भी नहीं लौटा, तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।

12 दिनों तक खोजबीन केबाद पुलिस से लगाई गुहार

परिजनों और परिचितों ने संभावित स्थानों पर अर्पित की काफी खोजबीन की, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। लगातार 12 दिनों तक छात्र का पता नहीं चलने के बाद परिजनों ने गुमला सदर थाना में आवेदन देकर उसके लापता होने की सूचना दी।

परिजनों ने पुलिस से अर्पित को जल्द से जल्द तलाश करने की गुहार लगाई है। पुलिस छात्र के लापता होने की परिस्थितियों की जांच कर रही है और उसके संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल छात्र के लापता होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Comment

और पढ़ें