संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से झारखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 12 और 13 अगस्त को राज्य के 17 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 15 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश के साथ वज्रपात की भी संभावना बनी हुई है।
12 और 13 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 12 और 13 अगस्त को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश की संभावना है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव और आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। मौसम खराब होने के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
14 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश और वज्रपात
14 अगस्त को रांची, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
इन जिलों में रहने वाले लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।
15 अगस्त को 10 जिलों में यलो अलर्ट
15 अगस्त को रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी रहेगा।
राज्य के अन्य जिलों में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
मंगलवार को रांची में हुई करीब 46 MM बारिश
मंगलवार को राजधानी रांची में दोपहर तक तेज धूप और उमस का असर रहा, लेकिन शाम होते ही मौसम ने करवट ली। करीब 4 बजे रांची समेत कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हुई। इसके बाद करीब 5:30 बजे फिर काले बादल छाए और बारिश का दौर तेज हो गया।
लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।
मंगलवार को रांची में 45.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो राज्य के प्रमुख शहरों में सबसे अधिक रही। इसके अलावा जमशेदपुर में 35 MM, सिमडेगा में 32 MM, चाईबासा में 25 MM, सरायकेला में 20 MM, खूंटी में 18 MM, लोहरदगा में 8 MM, लातेहार में 4 MM, बोकारो में 4 MM और गुमला में 2 MM बारिश दर्ज की गई।
वज्रपात और तेज बारिश से बिजली आपूर्ति प्रभावित
तेज बारिश के साथ थंडरिंग और लाइटनिंग के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। रांची के धुर्वा सेक्टर-4 में पीपल का पेड़ बिजली के खंभे पर गिर गया, जिससे एलटी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई और इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हुई।
झारखंड में अब भी सामान्य से 22% कम बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 1 जून से 11 अगस्त तक झारखंड में सामान्य से 22 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस अवधि में राज्य में सामान्य बारिश 616.5 मिलीमीटर होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 483.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
रांची में 9% कम, पश्चिमी सिंहभूम में 21% अधिक बारिश
राजधानी रांची में 1 जून से 11 अगस्त के बीच सामान्य से 9 प्रतिशत कम बारिश हुई है। वहीं पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 21 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।
आंकड़ों से स्पष्ट है कि इस मानसून झारखंड में बारिश का वितरण समान नहीं रहा है। कुछ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है, जबकि कई जिलों में अब भी बारिश की कमी बनी हुई है।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को विशेष रूप से वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।









