छात्र आंदोलन के बीच वाटर कैनन शुरू, बैरिकेडिंग पार कर विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: JPSC-JSSC प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में विधानसभा घेराव करने पहुंचे छात्रों के आंदोलन के बीच पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। छात्रों को विधानसभा की ओर आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस लगातार वाटर कैनन का प्रयोग कर रही है।

इससे पहले बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ गए और अब विधानसभा की ओर कूच कर रहे हैं। छात्रों को रोकने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास कर रही है।

प्रशासन की ओर से प्रदर्शन कर रहे छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए विधानसभा और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश, ड्रोन से निगरानी तेज

प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिन्हें पुलिस ने रोक दिया। प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, करीब पांच ड्रोन कैमरों से इलाके की निगरानी की जा रही है।

किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन ने आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। फिलहाल छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Comment

और पढ़ें