झारखंड में छात्र आंदोलन के बीच CM हेमंत सोरेन का बड़ा बयान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



रांची, 4 अगस्त 2026। जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने युवाओं को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की आंखें भी हैं, कान भी हैं और संवेदनशीलता भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले को पूरी गंभीरता से देख रही है और जांच दल दिन-रात काम कर रहा है। उन्होंने कहा, “जिस चीज के पीछे हम पड़ते हैं, उसे ठीक करके ही दम लेते हैं। संवैधानिक दायरे में मेरे युवा साथियों को न्याय मिलकर रहेगा।”



राज्य में पिछले करीब 10-11 दिनों से जेपीएससी की 14वीं परीक्षा, जेएसएससी-सीजीएल समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ छात्र आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी सीबीआई जांच, परीक्षा रद्द करने और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच दल की रिपोर्ट का इंतजार है और बहुत जल्द छात्रों तथा राज्य की जनता को इस मामले की जानकारी दी जाएगी।

वहीं, छात्रों का आंदोलन अभी जारी है। प्रदर्शनकारियों ने 7 अगस्त को विधानसभा मार्च का ऐलान किया है। विपक्षी भाजपा सरकार पर सीबीआई जांच से बचने का आरोप लगा रही है, जबकि सत्तारूढ़ पक्ष का कहना है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें