बरहेट। थाना क्षेत्र से एक अत्यंत संगीन मामला सामने आया है, जहां एक आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ उसी के स्कूल के संचालक पर दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला?
पीड़ित बच्ची की मां ने बरहेट थाने में लिखित आवेदन देकर बताया कि उनकी बेटी को हथिगढ़ में संचालित एक अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय में पढ़ने के लिए रखा गया था। आरोप है कि इसी विद्यालय के संचालक सह मानवेल मुर्मू ने उनकी मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
घटना कब हुई?
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार घटना 15 जून की है। घटना के तीन दिन बाद 18 जून को पीड़िता की मां ने थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। आवेदन मिलते ही बरहेट थाना पुलिस ने संज्ञान लेते हुए थाना कांड संख्या 74/26 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी शिक्षक मानवेल मुर्मू(30) को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं पीड़ित बच्ची का भी मेडिकल परीक्षण कराया गया है। हालांकि मेडिकल रिपोर्ट के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में और पड़ताल की जा रही है और जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने पुलिस से दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
हाल में ही खोला था स्कूल
ग्रामीणों के अनुसार मानवेल ने हाल में ही मानवेल इंग्लिश मीडियम नाम से स्कूल खोला था। उसने वहां बोर्ड भी लगा रखा था। हालांकि मामला सामने आने के बाद वहां लगा बोर्ड हटा लिया गया। ग्रामीणों के अनुसार मानवेल ने कोरोना काल में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाना शुरू किया था। इसके बाद बच्चों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उसने कुछ महीने पहले ही में ट्यूशन सेंटर को स्कूल में तब्दील कर दिया। स्कूल में उसने सुदूर इलाकों के बच्चों के लिए आवासीय व्यवस्था भी कर रखी थी। घटना के बाद मानवेल फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने शिकायत के तुरंत बाद तत्परता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
संवाददाता कुंदन गुप्ता








