करैत सांप का कहर: पूर्वी सिंहभूम में सांप के डंसने से दो महिलाओं की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड में करैत सांप के डंसने से दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों महिलाओं को इलाज के लिए पहले डुमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद दोनों गांवों में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घर में सो रही युवती को दो जगह डंसा

पहली घटना डुमरिया प्रखंड के बहादुरपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय सौरवी सरदार अपने घर में जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान करैत सांप ने उसके गले और बाएं हाथ की उंगली में डंस लिया। शरीर के दो हिस्सों में जहर फैलने से उसकी हालत तेजी से बिगड़ गई।

परिजन उसे तत्काल डुमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। एमजीएम पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने का निर्णय लिया और शव को सीधे गांव ले गए।

दूसरी महिला की भी इलाज के दौरान मौत

दूसरी घटना बेसारपहाड़ी गांव की है। यहां 28 वर्षीय मिनी महाकुड घर में जमीन पर सो रही थी, तभी करैत सांप ने उसके बाएं हाथ में डंस लिया। परिजन उसे इलाज के लिए डुमरिया सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से उसे एमजीएम अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद परिजनों ने सांप को पकड़कर एक बोतल में बंद कर लिया और उसे भी अपने साथ अस्पताल ले गए, ताकि चिकित्सकों को सांप की पहचान करने में सुविधा हो सके।

बरसात में बढ़ जाते हैं सांप काटने के मामले

विशेषज्ञों के अनुसार गर्मी और बरसात के मौसम में सांपों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में सर्पदंश की घटनाएं अधिक देखने को मिलती हैं। पूर्वी सिंहभूम सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र में करैत सांप बड़ी संख्या में पाए जाते हैं और इनके जहर को अत्यंत खतरनाक माना जाता है।

लगातार दो महिलाओं की मौत के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने, रात में जमीन पर नहीं सोने तथा सर्पदंश की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की है।

Leave a Comment

और पढ़ें