गिरिडीह: शहर के हुट्टी बाजार स्थित शहीद सीताराम उपाध्याय चिल्ड्रेन पार्क के तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में बड़ी संख्या में मछलियों की मौत से हड़कंप मच गया है। आशंका जताई जा रही है कि तालाब में किसी ने जहर डाल दिया, जिसके कारण करीब 3 क्विंटल मछलियां मर गईं। घटना से मछली पालन कर रहे युवक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मत्स्य विभाग द्वारा मार्च 2025 में तालाब के लिए मछली पालन का टेंडर जारी किया गया था। इसके बाद स्थानीय युवक संदीप मल्हा ने तालाब में मछली पालन का कार्य शुरू किया था। बुधवार सुबह जब वह तालाब पहुंचे तो पानी में बड़ी संख्या में मृत मछलियां तैरती देख हैरान रह गए। कुछ ही देर में घटना की खबर पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
साजिश की आशंका, 2 लाख से अधिक के नुकसान का दावा
मछुआरे संदीप मल्हा ने आरोप लगाया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर तालाब में जहर डालकर उनकी मेहनत और आजीविका को नुकसान पहुंचाया है। उनका कहना है कि इस घटना से उन्हें करीब 2 लाख 10 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि मछली पालन ही उनके परिवार की आय का मुख्य स्रोत है और अचानक हुए इस नुकसान से परिवार गंभीर आर्थिक संकट में आ गया है।
जांच और कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों और नागरिकों ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी की मेहनत और रोजी-रोटी को नुकसान पहुंचाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अमानवीय है।
स्थानीय लोगों ने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। प्रशासनिक जांच के बाद ही मछलियों की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




