गिरिडीह: जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र स्थित खावा पंचायत के परयाना गांव में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक शराब के नशे में 33 हजार केवी विद्युत टावर पर चढ़ गया। करीब 70 फीट ऊंचे टावर पर युवक के चढ़ने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया और किसी बड़े हादसे की आशंका से ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
जानकारी के अनुसार युवक की पहचान 40 वर्षीय पंकज मिश्रा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बिजली लाइन चालू रहने के बावजूद वह टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही खावा पंचायत के मुखिया मोहन मंडल ने पचम्बा थाना पुलिस को जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। लेकिन नशे की हालत में होने के कारण वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टावर पर चढ़ने के बाद युवक लगातार शराब की मांग कर रहा था और असामान्य व्यवहार कर रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राजीव कुमार स्वयं घटनास्थल पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे तक धैर्यपूर्वक युवक को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान टावर के नीचे बड़ी संख्या में लोग जमा रहे और सभी की निगाहें युवक की हर गतिविधि पर टिकी थीं।
लगातार समझाइश और सतर्क निगरानी के बाद युवक धीरे-धीरे नीचे उतरने को तैयार हुआ और सुरक्षित जमीन पर पहुंच गया। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि युवक शराब के नशे में था और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की पहली प्राथमिकता थी। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता और सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इस घटना ने एक बार फिर लोगों को बिजली टावरों और हाई वोल्टेज लाइनों के आसपास सतर्क रहने की सीख दी है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




