गोड्डा पुलिस प्रशासन को मिली नई धार, नए एसडीपीओ ने संभाली जिम्मेदारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


गोड्डा | संवाददाता – शिवम् गोस्वामी

गोड्डा जिले में पुलिस प्रशासन को नई मजबूती मिली है। गोड्डा अनुमंडल के नए एसडीपीओ आकाश भारद्वाज तथा महागामा अनुमंडल के नए एसडीपीओ वरुण रजक ने पदभार ग्रहण कर अपनी जिम्मेदारियां संभाल ली हैं। दोनों अधिकारियों के कार्यभार संभालने के बाद जिले में बेहतर कानून व्यवस्था और प्रभावी पुलिसिंग की उम्मीद बढ़ गई है।पदभार ग्रहण करने के बाद महागामा के नए एसडीपीओ वरुण रजक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण स्थापित करना और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि आम जनता के भरोसे की साथी भी है। ऐसे में लोगों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना और पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक संवेदनशील एवं प्रभावी बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। 



उन्होंने कहा कि महागामा अनुमंडल में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहेगी। अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई होगी। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी समस्या या सूचना को बिना डर और संकोच पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

गौरतलब है कि वरुण रजक वर्ष 2012 बैच के पुलिस अधिकारी हैं और इससे पूर्व खूंटी जिले में डीएसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए महागामा अनुमंडल में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है।

वहीं गोड्डा के नए एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के पदभार संभालने के बाद जिले में पुलिस प्रशासन के और अधिक सक्रिय होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। आम लोगों का मानना है कि नए अधिकारियों के नेतृत्व में कानून व्यवस्था मजबूत होगी तथा अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें