संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
नई दिल्ली: ऑनलाइन और ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म्स के जरिए दवाओं की बिक्री के विरोध में आज देशभर के मेडिकल स्टोर संचालकों ने हड़ताल का ऐलान किया है। All India Organisation of Chemists and Druggists (AIOCD) के आह्वान पर यह बंद आयोजित किया गया है, जिसका असर राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में करीब 15 हजार मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे, जबकि देशभर में लगभग 7 से 8 लाख दवा दुकानें इस हड़ताल में शामिल हो सकती हैं। इससे आम लोगों, खासकर रोजाना दवाओं पर निर्भर मरीजों और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
AIOCD का कहना है कि ऑनलाइन और ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म्स के बढ़ते कारोबार से पारंपरिक मेडिकल स्टोरों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। संगठन ने आरोप लगाया कि कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बिना उचित निगरानी के दवाओं की बिक्री कर रहे हैं, जिससे नियमों का उल्लंघन और मरीजों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ सकता है।
हालांकि, राहत की बात यह है कि सभी फॉर्मेसी चेन, अस्पताल आधारित मेडिकल स्टोर और जन औषधि केंद्र खुले रहेंगे। ऐसे में जरूरतमंद लोग वहां से दवाएं प्राप्त कर सकेंगे।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पहले से तैयारी कर लें और अनावश्यक भीड़ से बचें। वहीं, हड़ताल के कारण कई इलाकों में दवा आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।








