रांची में पेट्रोल-डीजल को लेकर घबराने की जरूरत नहीं, DC बोले- सप्लाई पूरी तरह सामान्य

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर लोगों के बीच बनी असमंजस की स्थिति के बीच जिला प्रशासन ने तेल कंपनियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उपायुक्त Manjunath Bhajantri ने इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम के अधिकारियों के साथ ईंधन आपूर्ति की समीक्षा की।

बैठक में पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़, अतिरिक्त खरीदारी और सप्लाई चेन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। तेल कंपनियों के अधिकारियों ने प्रशासन को बताया कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई वास्तविक कमी नहीं है।

अधिकारियों के अनुसार, अफवाहों और घबराहट के कारण लोग सामान्य जरूरत से अधिक ईंधन भरवा रहे हैं। कई लोग अतिरिक्त कंटेनरों में भी पेट्रोल और डीजल स्टोर करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे पेट्रोल पंपों पर अस्थायी दबाव बढ़ा है।

तेल कंपनियों ने उपायुक्त को भरोसा दिलाया कि जिले में ईंधन की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और लगातार निगरानी की जा रही है। कंपनियों ने कहा कि प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को सभी पेट्रोल पंपों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल भरवाएं।

बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी रजत कुमार, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय समेत तेल कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

और पढ़ें