देवघर: डीसी ने पेट्रोल पंप संचालकों के साथ की बैठक, कहा-जिले में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य, पेट्रोल पंपों पर अव्यवस्था दिखने पर आम जनता सीधे ‘112’ नंबर पर करें शिकायत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देवघर डीसी शशि प्रकाश सिंह ने गुरुवार के दिन जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता, निर्बाध आपूर्ति और खपत की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना था। समीक्षा के दौरान आईओसीएल के अधिकारियों ने जिला प्रशासन को आश्वस्त किया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति निर्धारित समय पर की जा रही है। जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और स्टॉक पूरी तरह पर्याप्त है। डीसी ने सभी कंपनियों को निर्देश दिया कि आपूर्ति श्रृंखला में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। ईंधन की जमाखोरी और अवैध बिक्री को रोकने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी देवघर और अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर को विशेष निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों की कड़ी निगरानी करें। पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी या ऊंचे दामों पर बिक्री करने वाले तत्वों के खिलाफ जांच कर तत्काल प्राथमिकी दर्ज करें और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। आगे उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें। यदि किसी पेट्रोल पंप पर घटतौली, ईंधन देने से मना करने, कृत्रिम किल्लत पैदा करने या किसी भी प्रकार की अव्यवस्था दिखाई देती है, तो नागरिक तुरंत आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर इसकी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन त्वरित कार्रवाई करेगा।

और पढ़ें