संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
जामताड़ा जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत दक्षिण बहाल पंचायत के संथालपीपला टोला में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बनाई गई सड़क अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों के अनुसार ग्रामीण विकास विभाग (MREP) की ओर से करीब 2000 फीट लंबी पीसीसी सड़क निर्माण की योजना शुरू की गई थी, लेकिन जमीन पर केवल लगभग 1500 फीट सड़क ही बनाई गई। बाकी हिस्सा अब भी अधूरा पड़ा है, जो बारिश के दौरान तालाब जैसा नजर आता है।
ग्रामीणों का कहना है कि जो सड़क बनाई भी गई, उसकी गुणवत्ता बेहद खराब है। आरोप है कि निर्माण के कुछ ही दिनों बाद सड़क जगह-जगह से टूटने और दरकने लगी थी। लोगों ने संवेदक और विभागीय अधिकारियों पर मिलीभगत कर खानापूर्ति करने का आरोप लगाया है।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो संवेदक ने ध्यान दिया और न ही विभाग ने कोई कार्रवाई की। लोगों का कहना है कि सड़क पर बड़े गड्ढे और उभरे पत्थरों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
सबसे गंभीर समस्या यह है कि खराब सड़क के कारण गांव तक एंबुलेंस और बड़ी गाड़ियों का पहुंचना मुश्किल हो गया है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और सड़क का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। इलाके के लोगों में विभागीय लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।








