संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड स्थित तेलमकरी आंगनबाड़ी केंद्र से एक कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। केंद्र की सेविका रोशन आरा पर मंईयां सम्मान योजना के सत्यापन के नाम पर महिलाओं से पैसे मांगने का आरोप लगा है।
ग्रामीणों के अनुसार फॉर्म पर हस्ताक्षर करने के बदले प्रत्येक लाभुक महिला से 200 रुपये की मांग की जा रही थी। हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
इस पूरे मामले का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पैसे लेने का दावा किया जा रहा है, जिसके बाद इलाके में चर्चा और नाराजगी बढ़ गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिना पैसे दिए महिलाओं के फॉर्म पर हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे थे। इससे जरूरतमंद और गरीब महिलाएं काफी परेशान थीं। लोगों का कहना है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का कुछ कर्मियों द्वारा गलत तरीके से फायदा उठाया जा रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित सेविका पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।








