संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
गढ़वा जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सलगा गांव में एक युवक को युवती के घर में संदिग्ध परिस्थिति में पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार बरडीहा गांव निवासी मुन्ना पासवान कथित तौर पर देर रात एक युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि गांव में शादी समारोह चल रहा था और इसी दौरान युवक युवती के घर पहुंच गया। सुबह होने पर परिजनों और ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद युवक को पकड़ लिया गया।
ग्रामीणों ने युवक को घर से बाहर निकालकर उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर बरडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस युवक को थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
थाना प्रभारी Rishikesh Kumar Singh ने बताया कि युवती पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई। आवेदन नहीं मिलने के कारण बाद में युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।








