संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
झारखंड में बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। Palamu जिले में अलग-अलग घटनाओं में पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार हैदरनगर थाना क्षेत्र में तेज हवा और तूफान के दौरान एक विशाल पीपल का पेड़ बाइक पर गिर पड़ा। हादसे में बिहार के औरंगाबाद जिले के तिवारीडीह निवासी 50 वर्षीय रामदेव चंद्रवंशी की मौत हो गई। वहीं उनके रिश्तेदार अनिल चंद्रवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि रामदेव चंद्रवंशी शादी समारोह में शामिल होने हैदरनगर आए हुए थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए बाइक से अस्पताल ले जाया गया था। इलाज के बाद लौटने के दौरान मरघटिया रोड पर अचानक पेड़ गिर गया और दोनों उसकी चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रामदेव चंद्रवंशी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनिल चंद्रवंशी को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच अस्पताल रेफर किया गया है।
वहीं लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नौडीहा इलाके में भी पेड़ गिरने की दूसरी घटना सामने आई है, जिसमें सुनील राम के बेटे की मौत हो गई।
आंधी-तूफान का असर रेलवे परिचालन पर भी पड़ा। मेदिनीनगर के सिंगरा खुर्द इलाके में रेलवे ट्रैक पर पीपल का पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए रेल परिचालन बाधित हो गया। रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक को साफ कराया, जिसके बाद परिचालन सामान्य हो सका।
घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।








