जंगल बना साइबर ठगों का नया ठिकाना, गिरिडीह में 6 साइबर अपराधी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

गिरिडीह के जंगल अब साइबर अपराधियों का नया ठिकाना बनते जा रहे हैं। पुलिस ने जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित कोलहरिया जंगल में छापेमारी कर छह साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड और 5 बाइक बरामद की गई हैं।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक को प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से सूचना मिली थी कि कुछ युवक जंगल में बैठकर मोबाइल के जरिए साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसके बाद साइबर क्राइम डीएसपी आबिद खान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।

पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि वे लोगों के मोबाइल पर “Mahanagar gas bill update.apk”, “rto e-challan check.apk” और “mgl gas.apk” जैसे फर्जी APK लिंक भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति इन लिंक को डाउनलोड करता था, उसके मोबाइल का एक्सेस साइबर अपराधियों तक पहुंच जाता था। इसके बाद आरोपी बैंकिंग डिटेल, OTP और अन्य निजी जानकारी हासिल कर खातों से पैसे उड़ा लेते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र कुमार मंडल, कृष्णा कुमार मंडल उर्फ बागी, ईश्वर मंडल, पंकज कुमार मंडल, राजेश कुमार मंडल और आदित्य कुमार मंडल उर्फ राजा बाबू के रूप में हुई है। सभी आरोपी बेंगाबाद थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ आरोपी पहले भी साइबर अपराध के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि गिरिडीह के जंगल और दूरदराज इलाके अब साइबर अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बनते जा रहे हैं। यही वजह है कि लोग अब गिरिडीह की तुलना Jamtara से करने लगे हैं, जो पहले से साइबर अपराध के लिए बदनाम रहा है।

इस मामले में साइबर थाना गिरिडीह में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या मोबाइल एप को डाउनलोड करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांच लें।

साइबर अपराधियों से बचाव के लिए पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी है।

और पढ़ें