संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते 24 घंटों में अलग-अलग इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाकर तीन वारदातों को अंजाम दिया गया, जिससे लोगों में डर और आक्रोश का माहौल है।
सबसे बड़ी घटना सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री Raghubar Das के आवास के पास हुई। जानकारी के अनुसार टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मी मनीष कुमार झा की मां गोदावरी देवी बाजार से लौट रही थीं। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गले से सोने की चेन छीन ली और बाइक से फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार छीनी गई चेन की कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन आरोपियों का स्पष्ट सुराग नहीं मिल सका।
वहीं दूसरी घटना साकची थाना क्षेत्र के आमबगान स्थित ओम प्लाजा के पास हुई। मानगो निवासी पूनम ओझा बाजार से लौट रही थीं, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद आरोपी जेल चौक की ओर फरार हो गए। यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़िता के बेटे आकाश ओझा के अनुसार छीनी गई चेन की कीमत करीब 2.5 से 3 लाख रुपये के बीच है। घटना के बाद साकची थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रही घटनाओं से महिलाओं में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों के पास भी अपराधी बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं, जबकि पुलिस हर घटना के बाद केवल CCTV फुटेज के सहारे जांच करती नजर आ रही है।
शहरवासियों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और चेन स्नैचिंग गिरोह पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।








