संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
पाकुड़ जिले के युवाओं को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हटपाड़ा स्थित अपर्णा कॉम्प्लेक्स में निशुल्क नर्सिंग कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया। यह पहल Surya Nursing Educational College और CT Training Center के संयुक्त तत्वावधान में शुरू की गई है।
यह कोचिंग झारखंड नर्सिंग प्रवेश परीक्षा-2026 की तैयारी के लिए संचालित की जाएगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली छात्रों को लाभ मिल सके।
कार्यक्रम का उद्घाटन सूर्या नर्सिंग एजुकेशनल कॉलेज के निदेशक डॉ. विजय कुमार, सीटी ट्रेनिंग सेंटर के निदेशक मो. हैदर अली, प्राचार्य प्रो. वेंकट रेड्डी, सूर्या सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के मैनेजर हरेंद्र कुमार पासवान तथा चिकित्सक डॉ. अमित कुमार और डॉ. बिंदु भूषण ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर डॉ. विजय कुमार ने कहा कि “एक कदम सपने की ओर, एक कदम सफलता की ओर” के उद्देश्य के साथ यह पहल शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि कई मेधावी छात्र आर्थिक परेशानियों के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते, ऐसे छात्रों को यह निशुल्क कोचिंग नई दिशा देगी।
वक्ताओं ने नर्सिंग को सेवा, सम्मान और रोजगार से जुड़ा महत्वपूर्ण क्षेत्र बताते हुए छात्रों को पूरी लगन और एकाग्रता के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
सीटी ट्रेनिंग सेंटर के निदेशक मो. हैदर अली ने बताया कि अब पाकुड़ के छात्रों को नर्सिंग की तैयारी के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। संस्थान का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी नर्सिंग संस्थानों तक पहुंचाना है।
उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। नई पहल को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा गया।








