भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड की जांच धनबाद पहुंची, फर्जी नंबर प्लेट का खुलासा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धनबाद/कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की हाई-प्रोफाइल हत्या मामले की जांच अब झारखंड के धनबाद तक पहुंच गई है। इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच कर रही पश्चिम बंगाल पुलिस को मामले में एक अहम सुराग मिला था, जिसके आधार पर पुलिस टीम धनबाद के चासनाला क्षेत्र पहुंची।

जानकारी के अनुसार, 6 मई की रात अपराधियों ने मध्यमग्राम इलाके में चंद्रनाथ रथ पर अंधाधुंध फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी थी। घटनास्थल से पुलिस को एक बाइक का नंबर मिला, जिसकी जांच करने पर वह नंबर धनबाद के चासनाला निवासी एक सेलकर्मी के नाम पर पंजीकृत पाया गया।

इस सुराग के आधार पर पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम तत्काल धनबाद पहुंची और संबंधित व्यक्ति से घंटों पूछताछ की। पुलिस ने उसके मोबाइल लोकेशन, गतिविधियों एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी गहन जांच की।

हालांकि जांच के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि उक्त सेलकर्मी का इस हत्याकांड से कोई संबंध नहीं है। पुलिस जांच में सामने आया कि अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया था, ताकि जांच एजेंसियों को भ्रमित किया जा सके।

पश्चिम बंगाल पुलिस अब इस मामले में बाइक और शूटरों की वास्तविक पहचान जुटाने में लगी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की कई बिंदुओं पर जांच जारी है और जल्द ही अपराधियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।

इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। वहीं सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क के एंगल से भी जांच कर रही हैं।

और पढ़ें