संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
जामताड़ा उपायुक्त Alok Kumar ने छात्राओं को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करमाटांड़ स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
डीसी ने स्पष्ट कहा कि विद्यालय संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चियों की सुरक्षा, शिक्षा और बेहतर वातावरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि वे सप्ताह में कम से कम एक दिन विद्यालय का औचक निरीक्षण करें। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को छात्राओं के लिए मेन्यू के अनुसार पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने और विद्यालय की समग्र व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने विद्यालय के क्लास रूम, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास, साइंस लैब, मेस, किचन, स्टोर रूम और शौचालयों का निरीक्षण किया। इसके अलावा छात्राओं और शिक्षकों की उपस्थिति पंजी की भी जांच की। सामान्य व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए उन्होंने कुछ क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता बताई।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। छात्राओं ने पानी की समस्या, खेल मैदान की कमी और अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों की जानकारी दी। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी नूपुर कुमारी, अंचल अधिकारी चोनाराम हेंब्रम, विद्यालय की वार्डन तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








