लखनऊ में BJP नेता को मारी गोली, इलाके में भारी बवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बेखौफ बदमाशों ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के एक नेता पर सरेआम ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में भाजपा नेता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार हमलावरों ने नेता को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें उन्हें दो गोलियां लगीं। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल नेता को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की खबर फैलते ही अस्पताल के बाहर समर्थकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हमलावरों की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

और पढ़ें