संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। बारात लेकर जा रही एक बस 11 हजार वोल्ट के हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आ गई, जिससे बस की छत पर बैठे चार बाराती गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना गढ़गांव पुलिया के पास हुई। जानकारी के अनुसार पाटन थाना क्षेत्र के मालगाड़ा गांव से बारातियों को लेकर बस रिमी रामपुर (लावालौंग) जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर नीचे झूल रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार से बस सट गई। हादसे के वक्त चार युवक बस की छत पर बैठे हुए थे, जो करंट की चपेट में आ गए।
घायलों की पहचान प्रमोद कुमार यादव, राजेश कुमार, रंजन कुमार यादव और बिनोद कुमार यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच/पीएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बिजली का तार लंबे समय से झूल रहा था, लेकिन विभाग की ओर से इसे ठीक नहीं कराया गया। लोगों के अनुसार समय रहते मरम्मत कर दी जाती तो यह हादसा टल सकता था।
घटना के बाद इलाके में लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों पर कार्रवाई और झूलते बिजली तारों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।








