उपायुक्त ने किया प्लस टू उच्च विद्यालय डिमरा का औचक निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गंभीर अनियमितता पर जताई कड़ी नाराजगी

शिक्षकों की अनुपस्थिति पर कड़ी कार्रवाई,कक्षा 1 से 8 तक के 9 शिक्षकों के वेतन निकासी पर तत्काल रोक

संथाल हुल एक्सप्रेस संवाददाता।

रामगढ़।गोला प्रखंड के दौरे के क्रम में उपायुक्त श्री ऋतुराज ने प्लस टू उच्च विद्यालय डिमरा का औचक निरीक्षण किया।इस दौरान विद्यालय में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं,जिस पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।निरीक्षण के क्रम में विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति अत्यंत खराब पाई गई।जगह-जगह गंदगी देखी गई तथा विद्यालय के विभिन्न अभिलेखों एवं पंजीयों का संधारण अद्यतन नहीं पाया गया।इस पर उपायुक्त ने संबंधित प्रभारी को कड़ी फटकार लगाते हुए नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने एवं सभी पंजीयों का अद्यतन संधारण करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि विद्यालय में उपलब्ध लैब,स्मार्ट क्लास,पुस्तकालय एवं शौचालय फंक्शनल स्थिति में नहीं थे,जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं मूलभूत सुविधाएं प्रभावित हो रही थीं।इस पर उपायुक्त ने गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित प्रभारी से एक सप्ताह के अंदर स्पष्टिकरण समर्पित करने का निर्देश दिया तथा सभी व्यवस्थाओं को अविलंब दुरुस्त करने को कहा।उपायुक्त ने विशेष रूप से शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर देते हुए कहा कि विद्यालयों में केवल उपस्थिति ही नहीं,बल्कि प्रभावी शिक्षण सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने हेतु नियमित कक्षाओं का संचालन,शिक्षण सामग्री की उपलब्धता एवं शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ किया जाए।निरीक्षण के दौरान कक्षा 1 से 8 तक के कई शिक्षक बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए,जिससे पठन-पाठन कार्य बाधित हो रहा था। इस पर सख्त कार्रवाई करते हुए उपायुक्त ने संबंधित 9 शिक्षकों के वेतन निकासी पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का निर्देश दिया।इसके अतिरिक्त विद्यालय के रसोईघर की साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई।मध्याह्न भोजन से संबंधित व्यवस्थाओं में सुधार लाने तथा स्वच्छता के मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश भी उपायुक्त द्वारा दिया गया।उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित प्रखंड एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने एवं सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।

और पढ़ें