आर्थिक संकट के बीच पाकिस्तान ने फिर शुरू किया शराब निर्यात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस सेंट्रल डेस्क

इस्लामाबाद: गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान ने लगभग पांच दशक बाद शराब के निर्यात को फिर से शुरू कर दिया है। विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाए गए इस कदम को सरकार की आर्थिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान की प्रमुख ब्रुअरी कंपनी ‘मरी ब्रुअरी’ ने अप्रैल 2026 में ब्रिटेन, जापान, पुर्तगाल और थाईलैंड जैसे देशों को बीयर और अन्य अल्कोहलिक पेय पदार्थों का निर्यात शुरू किया है। उल्लेखनीय है कि 1970 के दशक में इस्लामी कानूनों के तहत शराब के निर्यात पर रोक लगा दी गई थी।

सरकार से 2025 में अनुमति मिलने के बाद अब गैर-मुस्लिम देशों को शराब की आपूर्ति शुरू की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम पाकिस्तान के लिए विदेशी मुद्रा अर्जित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है, खासकर उस समय जब देश आर्थिक अस्थिरता और कर्ज के बोझ से जूझ रहा है।

हालांकि, इस फैसले को लेकर देश के भीतर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। एक ओर जहां आर्थिक दृष्टि से इसे जरूरी कदम बताया जा रहा है, वहीं कुछ वर्ग इसे धार्मिक और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ मान रहे हैं।

फिलहाल, पाकिस्तान सरकार का फोकस आर्थिक स्थिति को सुधारने पर है और ऐसे में निर्यात बढ़ाने के हर संभावित विकल्प पर काम किया जा रहा है।

और पढ़ें