चतरा में दर्दनाक हादसा: कार-बाइक की टक्कर में 2 युवकों की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

चतरा | झारखंड के चतरा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार का कहर दो युवकों की जान ले गया। इटखोरी थाना क्षेत्र के परसौनी चौक के पास रविवार देर रात एक कार और बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान चौपारण थाना क्षेत्र के कर्मा गांव निवासी ऋषि पासवान और अभिषेक पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक इटखोरी स्थित अपने ननिहाल से वापस घर लौट रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

🚑 कार सवार भी गंभीर रूप से घायल

इस हादसे में कार सवार हिमांशु कुमार और विक्रम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों पेशे से वीडियोग्राफर बताए जा रहे हैं और एक शादी समारोह की शूटिंग के लिए जा रहे थे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को इटखोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हजारीबाग रेफर कर दिया गया।

🚔 पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही इटखोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

⚠️ ग्रामीणों में आक्रोश

इस हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परसौनी चौक के पास लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन और परिवहन विभाग ओवरस्पीडिंग पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।

और पढ़ें