बंगाल चुनाव रिजल्ट: विवादों में रही कुमारगंज सीट पर TMC आगे, BJP पीछे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के बीच कुमारगंज सीट एक बार फिर सुर्खियों में है। यह वही सीट है जहां मतदान के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार शुभेंदु सरकार के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।

घटना के अनुसार, 23 अप्रैल को दूसरे चरण के मतदान के दौरान शुभेंदु सरकार को सूचना मिली थी कि मतदान केंद्र के पास कुछ गड़बड़ी हो रही है। इसी दौरान जब वे मौके पर पहुंचे, तो उनके साथ मारपीट की गई। भाजपा ने इसके लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया था, हालांकि इस मामले में प्रशासन की ओर से जांच की बात कही गई थी।

अब जब मतगणना जारी है, तो इस हाई-प्रोफाइल सीट पर ताजा रुझान सामने आ गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, TMC उम्मीदवार तोराफ हुसैन मंडल, BJP उम्मीदवार शुभेंदु सरकार से करीब 7,217 वोटों से आगे चल रहे हैं।

कुमारगंज विधानसभा सीट पर इस बार कुल 8 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें कांग्रेस, वाम दल, बसपा और निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल हैं। यह सीट बालुरघाट लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है और यहां लगभग 2 लाख मतदाता हैं।

गौरतलब है कि 2021 और 2016 दोनों चुनावों में TMC के तोराफ हुसैन मंडल ने इस सीट पर जीत दर्ज की थी। ऐसे में इस बार भी उनकी बढ़त ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।

फिलहाल सभी की नजरें अंतिम परिणाम पर टिकी हैं, जिससे यह साफ हो सकेगा कि कुमारगंज की जनता ने इस बार किसे अपना प्रतिनिधि चुना है।

और पढ़ें