यात्री ट्रेनें लेट, मालगाड़ी सुपरफास्ट! चांडिल-टाटा सेक्शन पर CM हेमंत सोरेन का तीखा हमला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के महत्वपूर्ण चांडिल–टाटा रेल सेक्शन पर यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (X) के माध्यम से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से इस रूट पर यात्री ट्रेनों की स्थिति “अस्वीकार्य” हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने मालगाड़ियों के निर्बाध संचालन और यात्री ट्रेनों की अनदेखी पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जहां मालगाड़ियां बिना किसी रुकावट के दौड़ रही हैं, वहीं आम यात्री—खासतौर पर श्रमिक, छात्र और नौकरीपेशा लोग—घंटों ट्रेनों का इंतजार करने को मजबूर हैं।

उन्होंने इस स्थिति को रेलवे की प्राथमिकताओं की गंभीर खामी बताते हुए कहा कि आम जनता की सुविधा और समय के साथ इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है। मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि क्या झारखंड के नागरिकों का समय देश की अर्थव्यवस्था के लिए होने वाले माल परिवहन से कम महत्वपूर्ण है?

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि एक ही ट्रैक पर मालगाड़ियों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि यात्री ट्रेनों को बार-बार रोका जा रहा है। उन्होंने इसे राज्य के लोगों के लिए “असहनीय और अपमानजनक” स्थिति करार दिया।


📌 CM हेमंत सोरेन की 3 प्रमुख मांगें

• चांडिल-टाटा सेक्शन में यात्री ट्रेनों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए
• लंबित रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को जल्द पूरा किया जाए
• ट्रेनों की लेटलतीफी की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए


मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि रेलवे को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करना होगा, ताकि झारखंड के आम नागरिकों को राहत मिल सके और उनकी सुविधा सुनिश्चित हो सके।

और पढ़ें