गढ़वा में भूमि विवाद पर खूनी झड़प, एक की मौत, कई घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

गढ़वा: जिले के हरिहरपुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत भेलवाखांड़ी गांव में भूमि विवाद को लेकर पड़ोसियों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले गांव में गोतिया पक्षों के बीच सड़क मार्ग को लेकर कहासुनी हुई थी, जो धीरे-धीरे बढ़कर मारपीट में बदल गई। शनिवार रात यह विवाद हिंसक रूप ले बैठा, जिसमें लाठी-डंडों से हमला किया गया।

इस घटना में जोखन राम, उनकी पत्नी संतोषी देवी और पुत्र नीतीश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से जोखन राम की हालत गंभीर होने पर उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की जड़ जमीन से होकर गुजरने वाले सड़क निर्माण को लेकर थी।

पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है। वहीं, गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

और पढ़ें