गढ़वा में सोन नदी में नहाने के दौरान नाबालिग लड़की की डूबकर मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

गढ़वा: जिले के केतार थाना क्षेत्र अंतर्गत कधवन गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां सोन नदी में नहाने के दौरान एक नाबालिग लड़की की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, रामनाथ डोम की पुत्री आंचल कुमारी अपनी बड़ी बहन कविता कुमारी के साथ घर के पास स्थित सोन नदी में स्नान करने गई थी। इसी दौरान आंचल अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। बहन कविता के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आंचल का शव नदी से बरामद किया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, हरिहरपुर ओपी प्रभारी और पुलिस इंस्पेक्टर गुलाब सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

इस दौरान परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने का विरोध किया, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालांकि, पुलिस द्वारा समझाने के बाद करीब दो घंटे में परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हो गए, जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

और पढ़ें