संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: हजारीबाग के बरही थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई चर्चित बैंक डकैती कांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज, सौरभ और अफजल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यूपी एसटीएफ और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार देर रात वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र से इन आरोपियों को पकड़ा गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 912.22 ग्राम सोना, 20 लाख रुपये नकद और डकैती में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है।
बताया जा रहा है कि इन आरोपियों ने बरही स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र से करीब 4 किलो सोना और 42 लाख रुपये की बड़ी डकैती को अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही पुलिस लगातार तकनीकी जांच और छापेमारी के जरिए गिरोह की तलाश में जुटी हुई थी।
गिरफ्तार आरोपियों को झारखंड पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लेकर हजारीबाग लाई है। नियमानुसार उन्हें 4 मई की शाम 5 बजे तक वाराणसी के सीजेएम कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इस पूरे ऑपरेशन में बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, सर्किल इंस्पेक्टर चंद्रशेखर कुमार और थाना प्रभारी विनोद यादव की अहम भूमिका रही। पुलिस की त्वरित और समन्वित कार्रवाई से इस बहुचर्चित कांड का पर्दाफाश संभव हो सका है।








