संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
जामताड़ा जिले के मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक भीषण अग्निकांड ने अफरा-तफरी मचा दी। वार्ड संख्या 8 स्थित न्यू कॉलोनी में एक टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
यह घटना मोहम्मद अख्तर के घर में स्थित टेंट हाउस गोदाम में हुई, जहां सुबह लगभग 4:30 से 5:00 बजे के बीच आग लगने की सूचना मिली। स्थानीय लोगों ने जब खिड़की से धुआं उठता देखा तो शोर मचाया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
आग इतनी भीषण थी कि टेंट हाउस में रखे गद्दे, तकिए, सोफा, बेडशीट, पंखे और अन्य सजावटी सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए। संचालक के अनुसार, इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना तुरंत मिहिजाम पुलिस और जामताड़ा अग्निशमन विभाग को दी गई, लेकिन दमकल की गाड़ी समय पर नहीं पहुंच सकी, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। स्थिति को संभालने के लिए मोहल्ले के लोगों और वार्ड पार्षद प्रमिला देवी के पति ने मिलकर कड़ी मशक्कत की और दमकल के आने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस घटना ने शहर में अग्निशमन व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मिहिजाम में स्थायी फायर स्टेशन और बेहतर व्यवस्था की मांग की है।







