दो ट्रकों के बीच फंसी कार, धनबाद के एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

झारखंड से बिहार जा रही एक कार शनिवार शाम दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में धनबाद के एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, एक ट्रक के पीछे चल रही कार को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार आगे और पीछे के ट्रकों के बीच बुरी तरह फंस गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद जीटी रोड पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि दोनों ट्रक चालक मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी, जिसके कारण शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। कई घंटों की मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतकों की पहचान शिव कुमार भुईया (42), उनकी पत्नी रूबी कुमारी (38), पुत्री सोनी कुमारी (12), सुहानी कुमारी (8) और उनके ससुर के रूप में हुई है। सभी बुदोरा कॉलोनी के निवासी थे और गया में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

बताया जा रहा है कि शिव कुमार भुईया भारत कोकिंग कोल लिमिटेड की बेनीडीह कोलियरी में कार्यरत थे और स्वयं कार चला रहे थे। इस हादसे में परिवार का 15 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार इसलिए बच गया, क्योंकि वह इस यात्रा में शामिल नहीं हुआ था।

घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया है और इलाके में शोक का माहौल है।

और पढ़ें