पलामू में सनसनी: व्यापारी विनीत तिवारी का नग्न अवस्था में शव मिला, हत्या की आशंका

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

पलामू जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोरकट में रविवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक युवक का शव नग्न अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

मृतक की पहचान विनीत तिवारी के रूप में हुई है, जो क्षेत्र के एक जाने-माने व्यापारी बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में यह मामला बेहद गंभीर और सुनियोजित साजिश की ओर इशारा कर रहा है। जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने पहले विनीत तिवारी का अपहरण किया और उसके बाद उनकी हत्या कर दी। शव को जिस हालत में फेंका गया, उससे वारदात की क्रूरता साफ झलकती है।

पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने थाना पहुंचकर मामला दर्ज कराया। परिजनों ने जमीन विवाद या आपसी रंजिश को इस वारदात की वजह बताया है।

फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

और पढ़ें