संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
झारखंड के कोडरमा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला पटरियों के बीच गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान मुस्कान मसी (24) के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के बर्धमान की रहने वाली थीं। वह अपनी 15 वर्षीय भांजी और दुधमुंहे जुड़वां बच्चों के साथ सियालदह-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस से नई दिल्ली जा रही थीं।
जानकारी के अनुसार, मुस्कान मसी आसनसोल से ट्रेन में सवार हुई थीं और कोच बी-3 में यात्रा कर रही थीं। कोडरमा स्टेशन पहुंचने पर वह खाने-पीने का सामान लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरीं। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी। घबराहट में उन्होंने दौड़कर ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन पायदान पर पैर रखते ही उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन के नीचे आ गईं।
घटना के तुरंत बाद एक सहयात्री ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। महिला ट्रेन के पहियों के नीचे गंभीर रूप से फंसी हुई थीं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जवानों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
इस हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। महिला के साथ सफर कर रही उनकी भांजी और दोनों जुड़वां बच्चों को आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया, जहां महिला जवानों की देखरेख में रखा गया है। इस हृदयविदारक घटना ने मौके पर मौजूद लोगों को स्तब्ध कर दिया।








