हजारीबाग जिले के बरही इलाके में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में दिनदहाड़े हुई बड़ी डकैती ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, चार नकाबपोश अपराधियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया। दो अपराधी पहले करंट अकाउंट खुलवाने के बहाने बैंक में दाखिल हुए, जबकि कुछ ही देर में उनके दो साथी भी अंदर पहुंच गए।
हथियारों से लैस बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों को धमकाते हुए सभी को एक जगह खड़ा कर दिया और बैंक मैनेजर के साथ मारपीट भी की।
महज 10 मिनट के भीतर अपराधियों ने करीब 4 लाख रुपये नकद और गोल्ड लोन के लगभग 3 किलो सोना लूट लिया। लूटे गए सोने की कीमत 2 से 3 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है।
यह पूरी घटना दोपहर 3:19 बजे से 3:29 बजे के बीच हुई, जिसके बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
मामले की पुष्टि एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने की है। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी है और बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
नई तैनाती के बाद हजारीबाग के पुलिस कप्तान अमन कुमार के लिए यह मामला बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिस जल्द इन अपराधियों तक पहुंच पाएगी या फिर वे कानून को चुनौती देकर फरार रहेंगे।







