रामगढ़ | संथाल हूल एक्सप्रेस
रामगढ़ के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित शिवशंकर ज्वेलर्स में हुए लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से लूटा हुआ माल, हथियार और वाहन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस कांड की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने रामगढ़, लातेहार, पलामू और बिहार के विभिन्न जिलों में छापेमारी की।
टेक्निकल सर्विलांस और मानवीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर बिहार के नालंदा जिले से मुख्य आरोपी मनीष कुमार, रीना देवी और चंद्रावती देवी को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से सोने-चांदी के आभूषण, तीन दोपहिया वाहन और एक मारुति अर्टिगा कार बरामद की गई है।
इसके अलावा पुलिस ने इस लूटकांड में शामिल सुभानी अंसारी, आनंद कुमार, अरबाज अंसारी और नुरूल अंसारी को भी गिरफ्तार किया है।
रामगढ़ पुलिस के लिए यह बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि रजरप्पा थाना में कांड संख्या-48/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।







