संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क रांची
रांची के प्रसिद्ध जगन्नाथपुर मंदिर में तैनात गार्ड की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। वारदात के महज 6 घंटे के भीतर ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, गार्ड की हत्या करने के बाद आरोपी ने मंदिर की दान पेटी से नकदी भी निकाल ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।
वारदात की सूचना मिलते ही एसएसपी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की मॉनिटरिंग शुरू की। पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया।
इसी आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि हत्या का मुख्य मकसद लूट था या किसी अन्य वजह से वारदात को अंजाम दिया गया।
जगन्नाथपुर मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल पर हुई इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







